सतना: शहर सरकार की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में महापौर योगेश ताम्रकार की अध्यक्षता में शहर के विकास से जुड़े करीब 14.49 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में सड़क निर्माण, सीवर लाइन, जल निकासी, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के उन्नयन, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत धवारी स्टेडियम के पुनर्विकास और मस्टर श्रमिकों की अवधि वृद्धि जैसे कई प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई। महापौर ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए सभी अभियंताओं को कार्यों की निगरानी और निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने की जिम्मेदारी सौंपी।
धवारी स्टेडियम के लिए अतिरिक्त बजट
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत धवारी स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य के लिए तीसरी संशोधित बीओक्यू (बिल ऑफ क्वांटिटी) में 9.84 प्रतिशत अतिरिक्त राशि के साथ स्वीकृति दी गई। यह प्रोजेक्ट शहर के खेल प्रेमियों के लिए एक आधुनिक सुविधा केंद्र के रूप में उभरेगा। इसी कड़ी में निगम की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत 391 मस्टर श्रमिकों की अवधि वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इनमें जलप्रदाय शाखा में सबसे अधिक 133 श्रमिक शामिल हैं।
