बारात में ट्रैक्टर का तांडव, बारातियों को कुचलने की कोशिश, डांस कर रहे लोगों ने भागकर बचाई जान

गुना। जिले के म्याना कस्बे में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंच मच गया, जब एक ट्रैक्टर चालक को वहां से गुजरने का रास्ता नहीं मिला तो चालक ने तांडव मचाते हुए बारातियों को कुचलने की कोशिश की। हालांकि बारातियों ने किसी तरह अपने आपको सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।

घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। म्याना निवासी धाकड़ परिवार में शादी समारोह का उत्साह चरम पर था। बारात नाचते-गाते दुल्हन के दरवाजे की ओर बढ़ रही थी। तभी बारात के बीच रास्ते में एक ट्रैक्टर आ गया। भीड़ अधिक होने के कारण ट्रैक्टर को निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रास्ता न मिलने पर ट्रैक्टर चालक बुरी तरह आक्रोशित हो गया। उसने अपना आपा खोते हुए ट्रैक्टर को बारातियों के बीच ही तेजी से चारों तरफ घुमाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने बेकाबू ट्रैक्टर को डांस कर रहे बारातियों के ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। अचानक हुए इस तांडव से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और खुशियां पल भर में दहशत में बदल गर्इं। घटना की सूचना मिलते ही म्याना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैक्टर की लापरवाही साफ देखी जा सकती है। पुलिस अब ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अच्छी बात यह रही कि ट्रैक्टर चालक का आक्रोश और हरकत देखकर बाराती सतर्क हो गए और उन्होंने यहां-वहां भागकर अपनी जान बचा ली। अन्यथा किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।

Next Post

राजस्थान के कोटा में सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए सीएम डॉ यादव

Sun Apr 26 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को राजस्थान के कोटा जिले के ग्राम रींछी में आयोजित 38वें सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में पहुंचने पर सम्मेलन के अध्यक्ष एवं […]

You May Like