हटा/दमोह: हटा मुख्यालय से महज चार किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत पांजी के मुक्तिधाम में टीन शेड की सुविधा नहीं होने के कारण बारिश के बीच तिरपाल के सहारे अंतिम संस्कार करना पड़ा। बारिश के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को शव के अंतिम संस्कार में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर किए जा रहे विकास कार्यों की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों के अनुसार, पांजी पंचायत के बाहर वर्ष 2010-11 में श्मशान चबूतरे का निर्माण कराया गया था।
यहां पहली बार अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन चबूतरे पर टीन शेड नहीं होने के कारण बारिश के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान ऐसी स्थिति से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।एक ओर ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम, बाउंड्रीवॉल और टीन शेड सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए राशि खर्च की जा रही है, वहीं पांजी में अंतिम संस्कार के लिए बने चबूतरे पर टीन शेड का अभाव ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से यहां शीघ्र टीन शेड निर्माण कराने की मांग की है।
सरपंच ने कहा— ग्राम सभा में प्रस्ताव रखकर बनाई जाएगी योजना
ग्राम पंचायत पांजी के सरपंच संदीप राय ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए गांव के बाहर श्मशान चबूतरा वर्ष 2010-11 में बनाया गया था और यहां पहली बार अंतिम संस्कार हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद जल्द ही ग्राम सभा में प्रस्ताव रखा जाएगा और टीन शेड निर्माण के लिए योजना तैयार की जाएगी।
