मुंबई, 25 अप्रैल (वार्ता) देश की प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी एलएंडटी फाइनेंस ने वित्त वर्ष 2025-26 में समेकित आधार पर रिकॉर्ड 3,003 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया जो सालाना आधार पर 14 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने वित्तीय परिणामों में बताया है कि वित्त वर्ष की चौथी तिमाही उसका शुद्ध मुनाफा 27 प्रतिशत बढ़कर 807 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
गत 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी द्वारा दिया गया खुदरा ऋण 26 फीसदी बढ़कर 1,19,508 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चौथी तिमाही में खुदरा वितरण वार्षिक आधार पर 62 प्रतिशत बढ़कर 24,107 करोड़ रुपये रहा जो किसी तिमाही में अब तक का सबसे अधिक वितरण है।
निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 2.75 रुपये के लाभांश की सिफारिश की है।
वित्तीय परिणामों के साथ कंपनी ने अपनी अगले पांच साल के लिए अपनी रणनीतिक योजना की भी घोषणा की है। कंपनी तकनीक-आधारित निष्पादन पर ध्यान केंद्रित करेगी और 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हासिल करने, दो प्रतिशत से कम क्रेडिट लागत बनाये रखने, तीन प्रतिशत से 3.2 प्रतिशत के बीच संपत्ति पर रिटर्न और 16 प्रतिशत से 18 प्रतिशत के बीच इक्विटी पर रिटर्न (आरओई) प्राप्त करने की दिशा में काम करेगी।
एलएंडटी फाइनेंस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुदीप्त रॉय ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 कंपनी के लिए काफी अच्छा रहा। हालांकि शुरू में माइक्रोफाइनेंस के काम में कुछ मुश्किलें आईं और साल के अंत में वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव की वजह से भी चुनौतियां रहीं। फिर भी, कंपनी अपनी योजना पर टिकी रही। उन्होंने भरोसा जताया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद कंपनी चालू वित्त वर्ष में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।
