
भिंड। जिले के उमरी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार चार युवकों को सामने से टक्कर मार दी, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
हादसे के बाद बस चालक ने बाइक को बस के नीचे फंसा लिया और किशोर सिंह का पुरा गांव से उमरी कस्बे तक करीब 5 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस दौरान सामने से आ रही एक कार सवार ने बस का पीछा किया और कई बार हॉर्न बजाकर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और भागता रहा। कुछ दूरी पर बस रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्री बस से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बस चालक मौके से फरार हो गया।
यह हादसा नेशनल हाईवे-552 पर किशोर सिंह का पुरा गांव के पास हुआ। बाइक पर चार युवक थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। चौथा युवक गंभीर हालत में है। जिला अस्पताल में वेंटिलेटर उपलब्ध न होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। हालांकि एंबुलेंस उपलब्ध न होने के चलते वह करीब एक घंटे तक अस्पताल में तड़पता रहा। मृतक और घायल युवकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है। उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
