चार क्विंटल अमानक मिठाईयों का जखीरा जब्त

सतना . दीपावली जैसे त्योहर के अवसर पर मठिाईयों की बढ़ी हुई मांग को देखते हुए मिलावटखोर किस कदर सक्रिय हो जाते हैं इसकी एक बानगी तब देखने को मिली जब मंगलवार को शहर के एक प्रतिष्ठान से अमानक मिठाईयों का 4 क्विंटल स्टॉक जब्त किया गया.जब्त खाद्य सामग्रियों के नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोशाला भोपाल भेजा गया है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे व अभिषेक बिहारी गौड़, एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिय़ा और सीएसपी मनीष त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर के एक प्रतिष्ठान में पहुंचकर औचक छापामार कार्रवाई की. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त प्रतिष्ठान में पारंपरिक मिठाईयों के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा चल रहा था. शुद्ध कलांकद और मिल्क केक बताकर जो मिठाईयां रखी गई थीं. असल में उन्हें स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलिन ऑयल का इस्तेमाल कर तैयार किया जा रहा था. इसके साथ ही पैकेजिंग में भी खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की खुली अनदेखी की जा रही थी.

मिठाईयों के पैकेट पर न तो पैकिंग और एक्सपायरी तिथि अंकित थी और न ही बैच नंबर का कहीं भी जिक्र किया गया था. इतना ही नहीं बल्कि सबसे बड़ी यह लापरवाही सामने आई कि अधिकांश पैकेटों पर उत्पाद में इस्तेमाल की गई सामग्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी. इस तरह की गंभीर अनियमितता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सख्त कदम उठाते हुए प्रतिष्ठान में मौजूद 4 क्विंटल अमानक मिठाईयों के स्टॉक को जब्त कर लिया गया. बताया गया कि जब्त की गई खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है. लैब की रिपोर्ट मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Next Post

तबादले के आदेश पर भारी पड़ा कुर्सी का मोह, हाईकोर्ट की फटकार के बाद रवानगी

Wed Nov 4 , 2026
सिंगरौली। सरकारी कुर्सी का मोह ऐसा कि स्थानांतरण आदेश के पालन के बजाय उसे चुनौती देने के लिए न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। जनपद पंचायत बैढ़न में स्वच्छ भारत मिशन के शौचालय प्रभारी प्रमोद कुमार का जबलपुर स्थानांतरण होने के बावजूद वे सिंगरौली छोड़ने को तैयार नहीं थे। बताया जाता […]

You May Like