जीडीपी के आंकड़े देंगे बाजार को दिशा

मुंबई, 30 अगस्त (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और अन्य घरेलू आंकड़े बाजार को दिशा देंगे।

अगले सप्ताह सोमवार को जीडीपी के आंकड़े जारी होने हैं। इसके अलावा मंगलवार को विनिर्माण क्षेत्र के पीएमआई के आंकड़े और वाहनों की बिक्री के आंकड़े जारी होने हैं। सेवा क्षेत्र के पीएमआई के आंकड़े 03 सितंबर को जारी होंगे। ये सभी आंकड़े निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे। इनके अलावा, वैश्विक कारकों का असर भी बाजार पर रहेगा।

गत सप्ताह प्रमुख सूचकांकों में मंगलवार और शुक्रवार को तेजी देखी गयी जबकि अन्य तीन दिन गिरावट के रहे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सप्ताह के दौरान 276.32 अंक (0.36 प्रतिशत) गिरकर सप्ताहांत पर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 76.35 अंक यानी 0.31 प्रतिशत टूटकर 24,175.65 अंक पर आ गया। वृहत बाजार में तेजी देखी गयी। मिडकैप-50 सूचकांक में 0.47 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.51 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी रही।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 15 साप्ताहिक गिरावट में रहीं। भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक 3.33 प्रतिशत टूट गया। एनटीपीसी का शेयर 2.51 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.48, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.25, पावरग्रिड का 1.96 और बजाज फिनसर्व का 1.51 प्रतिशत फिसल गया।

बजाज फाइनेंस में 1.48 प्रतिशत, एशियन पेंट्स में 1.45, मारुति सुजुकी में 1.43, आईटीसी में 1.41, एलएंडटी में 1.15 और एचडीएफसी बैंक में 1.03 प्रतिशत की गिरावट रही। ट्रेंट का शेयर 0.80 फीसदी, बीईएल का 0.67 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 0.33 प्रतिशत उतर गया।

मुनाफे में रहने वालों में आईटी कंपनियों के शेयर दो से 5.2 प्रतिशत तक चढ़े। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 5.20 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 3.34 प्रतिशत, इंफोसिस का 2.11 प्रतिशत और टीसीएस का दो प्रतिशत मजबूत हुआ।

टाटा स्टील में 1.97 फीसदी, इंडिगो में 1.76, टाइटन में 1.67, एक्सिस बैंक में 1.42 और सन फार्मा में 1.01 फीसदी की साप्ताहिक तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 0.96 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 0.48, आईसीआईसीआई बैंक का 0.44, अल्ट्राटेक सीमेंट का 0.25, भारतीय स्टेट बैंक का 0.06 और इटरनल का 0.05 प्रतिशत ऊपर रहा।

 

 

Next Post

चीनी एक सप्ताह में 294 रुपये महंगी, सरसों तेल 162 रुपये चढ़ा

Sun Aug 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चीनी 294 रुपये और सरसों तेल 162 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हो गया। चावल, अधिकतर खाद्य तेल और दालों में भी तेजी रही। बीते सप्ताह मीठे के बाजार में गुड़ का औसत भाव 294 रुपये चढ़कर सप्ताहांत पर […]

You May Like