
कौशांबी। उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने मंगलवार देर रात सशस्त्र मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के घोघपुर गांव निवासी शिवभोला निषाद ने दो जून को अपनी पत्नी माया देवी (45) की गला दबा कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। मामले में पुलिस ने उसके विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने और वाहन चेकिंग अभियान चलाकर उसकी तलाश कर रही थी।
मंगलवार देर रात शाहपुर और भगत कापुरवा मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का संकेत दिया। पुलिस के अनुसार, वह पुलिस को चकमा देकर कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। हरभजन बाबा मंदिर, बैरागीपुर के पास उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि घिर जाने पर आरोपी ने कट्टे से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवभोला निषाद के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
