अंडर-19 विश्वकप: दक्षिण अफ्रीका ने तंजानिया को 329 रनों से रौंदा

विंडहोक, 19 जनवरी (वार्ता) जेसन रोल्स (नाबाद 125) और कप्तान मुहम्मद बुलबुलिया (103) की शतकीय पारियों के बाद गेंदबाज के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार को अंडर-19 विश्वकप के 11वें मुकाबले में तंजानिया को 329 रनों से शिकस्त दी।

398 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तंजानिया की टीम दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर नहीं टिक सकी और पूरी टीम 32.2 ओवरों में मात्र 68 रन पर ढ़ेर हो गई। तंजानिया के लिए सिम्बा म्बाकी ने सर्वाधिक 17 रन बनाये। एक्रे ह्यूगो (12) और रेमंड फ्रांसिस (10) रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए बयांडा माजोला और जेसन रोल्स ने दो-दो विकेट लिये। माइकल क्रुइस्कैम्प, बैंडिले मबाथा, कॉर्न बोथा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां तंजानिया की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए जोरिच वान शाल्कविक और अदनान लागाडियन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। आठवें ओवर में अल्फ्रेड डैनियल ने जोरिच वान शाल्कविक 34 गेंदों में (47) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। 4वें ओवर में अदनान लागाडियन 32 रन बनाकर पवेलियन लौट गये।

इसके बाद जेसन रोल्स और कप्तान मुहम्मद बुलबुलिया ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 201रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने शतक पूरे किये। 43वें ओवर में सिम्बा म्बाकी ने मुहम्मद बुलबुलिया को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। मुहम्मद बुलबुलिया ने 108 गेंदों में 10 चौके और एक छक्का लगाते हुए 108 रन बनाये। पॉल जेम्स 18 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुये। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट पर 397 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जेसन रोल्स ने 101 गेंदों में 10 चौके और पांच छक्के लगाते हुए नाबाद125 रनों की पारी खेली।

तंजानिया की ओर से सिम्बा म्बाकी ने दो विकेट लिये। अल्फ्रेड डैनियल और खालिदी जुमा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

हत्यारे पति को आजीवन कारावास की सजा

Mon Jan 19 , 2026
छिंदवाड़ा। पत्थर से सिर कुचलकर पत्नी को मौत के घाट उतारने वाले हत्यारे पति को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाया है. विशेष लोक अभियोजक अखिल कुमार कुशराम ने घटना के संबंध में बताया कि आरोपी दुर्गाप्रसाद उर्फ दुर्गेश भूमिया पिता बेनीप्रसाद भूमिया 30 साल निवासी बरेला जिला जबलपुर […]

You May Like