
इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र में पति को घर चलने के लिए कहना एक विवाहिता को भारी पड़ गया. पति ने दूसरी शादी करने की धमकी दी और विरोध करने पर अपने साथी के साथ मिलकर पत्नी पर हमला कर दिया. मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
फरियादिया काजल सोलंकी निवासी ग्राम सुतारखेड़, महू अपने पति अशोक सोलंकी को लेने गांधी नगर आई थी. यहां उसने पति से घर चलने को कहा, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया. इसी दौरान उसके साथ मौजूद बुआ का लड़का महेश सोलंकी भी बीच में आ गया. काजल ने पुलिस को बताया कि जब उसने पति पर साथ चलने का दबाव बनाया तो अशोक ने दूसरी शादी करने की बात कह दी. इसका विरोध करने पर दोनों आरोपी भड़क गए. पहले गालियां दीं, फिर हाथ थप्पड़ों से मारपीट की. इसके बाद पत्थर उठाकर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी जान से खत्म करने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. घायल महिला सीधे गांधी नगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अशोक सोलंकी और महेश सोलंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
