दक्षिणी मप्र में बारिश-आंधी से बदला मौसम, बारिश और तेज हवा चल रही

भोपाल। दिवाली के बाद मध्यप्रदेश के दक्षिणी हिस्से में मौसम ने करवट बदल ली है। आंधी, बारिश और गरज-चमक का सिस्टम सक्रिय होने से अलीराजपुर, धार, बड़वानी, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ बदलते मौसम का अनुभव किया जा रहा है।

इधर,भोपाल समेत कई जिलों में बादलों की लुका छिपी चल रही है, और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों यानी 23, 24 और 25 अक्टूबर को भी दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम प्रभावित रहेगा।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर में एक्टिव निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटों के भीतर अवदाब में बदलने वाला है। साथ ही चक्रवात की एक्टिविटी का असर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में महसूस होगा।

मौसम के इस बदलाव के बीच रात में ठंड और दिन में गर्मी का असामान्य मिश्रण देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिन रात में भोपाल का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इंदौर में यह 18.6 डिग्री, ग्वालियर-उज्जैन में 19.5 डिग्री और जबलपुर में 21 डिग्री रहा। वहीं, राजगढ़ में सबसे कम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज बारिश और आंधी के कारण सड़क, ट्रेन और बस सेवाओं में व्यवधान हो सकता है। विशेषज्ञों ने कहा कि इस मौसम में विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए।

अक्टूबर में मौसम में यह मिला-जुला प्रभाव बना रहेगा, लेकिन नवंबर के दूसरे सप्ताह से तेज ठंड पड़ने का अनुमान है।

Next Post

मुरैना में होगा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का भूमिपूजन

Wed Oct 22 , 2025
मुरैना। कल गुरुवार 23 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे मुरैना में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का भूमिपूजन किया जाएगा जिसमें मुख्य रूप से विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, महापौर नगर निगम श्रीमती शारद सोलंकी सहित भाजपा के वरिष्ठजन उपस्थित रहेंगे। […]

You May Like