
इंदौर. चंदन नगर थाना क्षेत्र में कॉलोनी में घुसने पर चार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया. आरोपियों ने उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए और रास्ते भर लात घूसों से मारपीट की.
फरियादी दीपक चौधरी निवासी नावदा पंथ, धार रोड बालाजी धाम गेट के पास खड़ा था. इसी दौरान राधेश्याम पटेल, सावन, आनंद पटेल और सीलु वहां पहुंचे. दीपक को देखते ही मुख्य आरोपी राधेश्याम भड़क गया और उसे कॉलोनी में आने से मना करने की बात कहते हुए धमकाने लगा. इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर दीपक को जबरन काली स्कॉर्पियो में बैठा लिया और वहां से ले गए. गाड़ी में बैठाने के बाद आरोपियों ने गाली गलौज की और विरोध करने पर हाथ थप्पड़ व लात घूसों से जमकर मारपीट की. आरोपियों ने पीड़ित को इलाके में दोबारा नजर नहीं आने की धमकी दी. किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर दीपक चंदन नगर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
