विभागीय प्रताड़ना और पारिवारिक समस्याओं से तंग वनकर्मी ने की आत्महत्या

सीधी ।जिला न्यायालय के पीछे संजय टाइगर रिजर्व राष्ट्रीय उद्यान वन के क्वार्टर के समीप आज सुबह वन विभाग के स्थायी कर्मचारी राम सजीवन कुशवाहा का शव एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की जेब से मिले तीन पन्नों के सुसाइड नोट ने इस मामले को गंभीर बना दिया है। नोट में राम सजीवन ने स्पष्ट रूप से लिखा है कि वे सीने में दर्द और पेशाब में जलन जैसी बीमारियों से परेशान थे। इसके अलावा उन्होंने पारिवारिक तनाव, बेटी को ससुराल में प्रताड़ना, कर्ज के ब्याज का बढ़ता बोझ और सबसे अहम जेडी साहब द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना को अपनी आत्महत्या का कारण बताया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि अब सहन नहीं होता। शरीर जवाब दे चुका है और मन से भी टूट गया हूं। बेटी के हालात, बीमारी और ऊपर से अफसरों का व्यवहार, सब मिलकर मुझे मार रहे हैं। अब और नहीं झेला जाता।

मृतक की पत्नी ने लगाया आरोप-

मृतक राम सजीवन की पत्नी सुमित्रा कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि उनके पति की पोस्टिंग पहले मझौली में थी लेकिन बाद में उन्हें सीधी अटैच कर दिया गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे और नियमित इलाज की आवश्यकता थी। उन्होंने अधिकारियों से छुट्टी की गुहार भी लगाई, लेकिन उन्हें न तो छुट्टी दी गई, न ही हालात समझे गए बल्कि अनुपस्थिति के नाम पर कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया। सुमित्रा ने रोते हुए कहा उन्होंने कई बार कहा कि अब शरीर साथ नहीं दे रहा, लेकिन अफसर काम के लिए दबाव बना रहे हैं। बीमारी और मानसिक दबाव ने उन्हें तोड़ दिया।

ड्यूटी से पांच दिन से अनुपस्थित थे-डीएफओ

इस मामले में जब संजय टाइगर रिजर्व के वन मंडल अधिकारी राजेश कन्ना टी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि राम सजीवन बिना किसी सूचना के पांच दिन से ड्यूटी से अनुपस्थित थे इसलिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। डीएफओ ने यह भी कहा कि आत्महत्या के पीछे संभवतः पारिवारिक तनाव कारण हो सकता है। हालांकि सुसाइड नोट में लिखे गए आरोपों पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

Next Post

बंगलादेश में डेंगू मामलों में बढोतरी

Tue Jul 1 , 2025
ढाका, 1 जुलाई (वार्ता) बंगलादेश में इस साल डेंगू के 10,000 से अधिक मामले सामने आये है जिसमें 42 व्यक्तियों की मौत हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा सोमवार को बताए गए आंकड़ों के मुताबिक जून में डेंगू के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई […]

You May Like

मनोरंजन