नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आपदा सरकार की वजह से दिल्ली का विकास रूक गया था लेकिन पिछले एक साल दिल्ली में चहुंओर विकास हो रहा है और इसका लाभ लोगों को मिल रहा है।
श्री मोदी ने रविवार को यहां बुराड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली में 33,500 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद कहा कि अब पता चल रहा है कि एक वर्ष पहले दिल्ली जिस आपदा से मुक्ति पाई वह कितनी जरूरी थी। अगर आपदा सरकार न होती तो मेट्रो का चौथा चरण पहले हो जाता। भाजपा की सरकार बनने के बाद दिल्ली में चारों तरफ विकास में तेजी आई है।
दिल्ली में हर दिन लाखों लोग बसों में सफर करते हैं इसलिए लोगों को साफ आरामदायक बस सेवा मिली है। चार हजार से अधिक बसें दिल्ली की सेवा कर रही है जिसमें ईवी बसें भी शामिल है। करीब दस वर्षों तक आपदा सरकार ने विकास का काम ठप्प कर रखा था लेकिन अब विकास का तेजी से किया जा रहा है। भाजपा सरकार यमुना की सफाई के लिए भी बडे स्तर पर काम कर रही है। दिल्ली में पहले जो आपदा सरकार थी उसे लोगों की परेशानी से कोई फर्क नहीं पड़ता था। आपदा सरकार ने कभी गरीबों की परवाह नहीं की लेकिन रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निरंतर स्थितियों को ठीक किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में बड़ी संख्या में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाया गया जिससे लोगों को लाभ मिल रहा है। दिल्ली में विकास का माडल है। काम शुरु, बहाने बंद है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो के विस्तार से लेकर में हजारों कर्मचारियों के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। दिल्ली में जिस उम्मीद के साथ भाजपा की सरकार बनी थी उसका परिणाम विकास कार्यों में दिख रहा है। आज का कार्यक्रम एक और वजह से भी विशेष है वह है अंतराष्ट्रीय महिला दिवस। राजनीति प्रशासन विज्ञान खेल या समाज सेवा क्षेत्र में भारत की नारी एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ रही है।
श्री मोदी ने कहा कि दुनिया का कोई भी व्यक्ति भारत के विशाल लोकतंत्र के बारे में सोचता है तो दिल्ली की तस्वीर आती है। दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं होता बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है। दिल्ली जितनी आधुनिक होगी भारत का आत्मविश्वास दुनिया के सामने उतनी ही मजबूती से दिखायी देगा। आज दिल्ली सुविधाओं के मामले में आगे बढ रही है। एक समय था जब दिल्ली की खराब व्यवस्था की ही चर्चा होती थी। दिल्ली के एक हिस्से से दूसरे हिस्सों में जाने में घंटों लगते थे लेकिन अब विकास तेजी से आगे बढ रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े शहरो में इतना बड़ा नेटवर्क नहीं जितना दिल्ली में है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से लोगों का आवागन आसान हो जायेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में जहां भी भाजपा की सरकार में वहां लोगों को किसी न किसी योजना का लाभ जरूर मिल रहा है। भाजपा सरकार समाज के सभी तबकों के लिए कुछ न कुछ जरूर कर रही है। भाजपा सरकार ने रेहड़ी पटरी वालो के दर्द को समझकर उनको बैंकिंग से जोड़ा और उनको आसान ऋण मिल रहा है। दिल्ली में डेबिट कार्ड कभी अमीरों के पास होती थी लेकिन अब रेहड़ी पटरी वालों के पास क्रेडिट कार्ड है और वह उसका फायदा उठा रहे हैं।
