
रीवा। रीवा मनगवां हाईवे में तेज रफ्तार ऑडी कार की ठोकर से बाइक सवार महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है. हादसा बस कुछ ही देर पहले रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र स्थित कोष्टा के समीप होना बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शीयो की माने तो ऑडी कार के साथ-साथ बाइक सवार रीवा से मनगवां की ओर जा रहे थे.
बताया गया कि ऑडी कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पीछे से टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक हवा में उछलकर सडक़ पर दूर जा गिरे. अचानक हुए इस हादसे में बाइक सवार महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत होना बताई जा रही है. घटना की शुरुआती जांच में मृतकों में शामिल महिला की पहचान रीवा के रतहरा निवासी शीतल विश्वकर्मा सहित चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा और शिवम विश्वकर्मा के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृतको में शामिल भागवत विश्वकर्मा के पुत्र शुभम विश्वकर्मा का 25 फरवरी को विवाह होना था, जिसके चलते भागवत आज पुत्र की शादी का पहला कार्ड भगवान को चढ़ाने के लिए चिरहुला मंदिर जाने निकला था. फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान सहित शहर की समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची है और मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. वही हाईवे मार्ग में हुए इस हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई और देखते ही देखते मार्ग के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
