तेहरान, 09 अगस्त (स्पुतनिक/वार्ता) ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) के सचिव मोहम्मद बाघेरी ज़ोलगद्र ने कहा कि जब तक अमेरिका तेहरान के ख़िलाफ़ धमकियां बंद करने सहित कई शर्तें पूरी नहीं करता, तब तक ईरान होर्मुज़ जलडमरूमध्य नहीं खोलेगा।
प्रेस टीवी ने श्री ज़ोलगद्र के हवाले से कहा, “होर्मुज़ जलडमरूमध्य तब तक नहीं खुलेगा जब तक अमेरिका अपना रवैया नहीं बदलता और इस्लामिक गणराज्य को धमकाना बंद नहीं करता।”
ईरानी अधिकारी द्वारा बताई गई शर्तों में ईरान और उसके सहयोगियों के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई रोकना, प्रतिबंध और नौसैनिक नाकाबंदी हटाना, ईरान के आस-पास के इलाकों से अमेरिकी सेना को हटाना और मुआवज़ा देना भी शामिल है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले घोषणा की थी कि उन्होंने शांति समझौते की संभावना को देखते हुए ईरान पर हमले रद्द कर दिए हैं; इस समझौते में होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलना और परमाणु कार्यक्रम पर सहमति शामिल है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि ईरान और ओमान, होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले जहाज़ों के रास्ते की भौगोलिक जानकारी पर सहमत हो गए हैं।
