इंदौर:नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा शुक्रवार को झोन क्रमांक 7 अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया गया. इस दौरान अपर आयुक्त अर्थ जैन, झोन नियंत्रणकर्ता अधिकारी टीना सिसौदिया, झोनल अधिकारी सुनील जादौन, स्वास्थ्य अधिकारी मनोहर गौसर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए झोन क्रमांक 7 के वार्ड क्रमांक 29, 32, 34 एवं अन्य क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया.
उन्होंने वाटर बॉडी, बस स्टॉप, सार्वजनिक शौचालय, उद्यान, बाजार क्षेत्र सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए. आयुक्त ने स्कीम नंबर 54 में व्यावसायिक बाजार क्षेत्र, विजयनगर चौराहा, वार्ड क्रमांक 34 में स्कीम नंबर 114 में स्थित शहीद भगत सिंह उद्यान, रानी लक्ष्मी बाई उद्यान, महाराणा प्रताप उद्यान, ग्लोबल गार्डन, विभिन्न टूरिस्ट प्लेस, कालका माता मंदिर, आनंद मोहन माथुर सभागृह, सीटीपीटी, कुएं-बावड़ी सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित स्थानों पर साफ-सफाई, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता एवं रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया. आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान उद्यानों में हरियाली बनाए रखने,सिंचाई के लिए ट्रीटेड पानी का उपयोग करने तथा इस हेतु आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए. जलस्रोतों को सहजने के क्रम में वार्ड के कुएं बावड़ी का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान हुए जलस्रोतों की निरंतर साफ सफाई एवं रखरखाव करने के भी निर्देश दिए.
गाइडलाइन के अनुरूप व्यवस्थाएं करें
आयुक्त श्री सिंघल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण की गाइडलाइन के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो. उन्होंने विशेष रूप से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने एवं जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया.
