
खरगोन। कोतवाली क्षेत्र के दांगी मोहल्ला क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों रुपए मूल्य के आभूषण चोरी मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए 7 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों सहित स्कूटी वाहन जब्त किया है।
गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए एएसपी बिट्टू सहगल ने बताया 18 अप्रैल अश्विन निवासी दांगी मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घर में घुसे। अलमारियों के लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभुषण व अन्य सामान चोरी कर गए है।
मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक बनवारी लाल मण्डलोई के नेतृत्व में टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरु की। घर एवं आसपास के संभावित रास्तों के सीसीटीव्ही फुटेजो को खंगाला। परिणाम स्वरुप टवडी मोहल्ला के संदीप एवं मोतीपुरा के राजा उर्फ नागेश को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने उक्त चोरी को कारित करना स्वीकार किया ।
संदीप और राजा उर्फ नागेश के कब्जे से चोरी के आभूषण जब्त किए गए। दोनों का अपराधिक रिकार्ड भी है। संदीप पिता बाबुलाल सावलिया और राजा उर्फ नागेश पिता कैलाश पाल निवासी इमलीपुरा, मोतीपुरा पर पूर्व से भी अपराधिक मामले दर्ज है।
