इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र के शीतल नगर में सोलर पैनल सुधारने के दौरान 28 वर्षीय युवक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. तेज करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा. साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने उसे बचाने का प्रयास किया और अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे में उसके साथ काम कर रहे दो-तीन अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गए.
मृतक की पहचान शशांक पिता विजय राव निवासी स्कीम नंबर 78 के रूप में हुई है. शशांक गायत्री कंपनी में काम करता था. बुधवार को वह अन्य कर्मचारियों के साथ शीतल नगर में सोलर पैनल सुधारने गया था. काम के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गया. साथियों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शशांक परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी दो बहनें हैं. वह करीब दो महीने पहले ही गायत्री कंपनी में नौकरी पर लगा था. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया. बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि सोलर पैनल सुधारने के दौरान युवक के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की जानकारी मिली है. करंट लगने से उसकी मौत हुई है. मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा संबंधी कोई चूक थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
