छतरपुर। जिले के हरपालपुर क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए श्रमिकों को लू से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह पहल नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की छतरपुर इकाई द्वारा की गई, जहां निर्माणाधीन जल प्रदाय परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को बताया गया कि तेज गर्मी और लू के प्रभाव से बचने के लिए नियमित अंतराल पर पानी पीना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्हें सिर को कपड़े या टोपी से ढककर काम करने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय अधिक मेहनत वाले कार्य से बचने की सलाह दी गई। श्रमिकों को समय-समय पर विश्राम लेने और छायादार स्थान पर बैठने के लिए भी प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने लू के लक्षणों जैसे चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, कमजोरी महसूस होना और शरीर का तापमान बढ़ना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत काम रोककर पानी पिएं और आवश्यक होने पर चिकित्सकीय सहायता लें।
इस जागरूकता अभियान का समन्वय सामुदायिक विकास अधिकारी अर्चना सिंह द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि हरपालपुर में एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से जल प्रदाय परियोजना का कार्य चल रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
