मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को आईटी कंपनियों में बड़ी बिकवाली देखी गयी जिससे बीएसई का सेंसेक्स करीब एक फीसदी टूट गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 900 करोड़ रुपये के नुकसान की खबर आने के बाद आज एचसीएल टेक्नोलॉजीज में करीब 11 प्रतिशत की गिरावट रही। कंपनी ने मंगलवार को जारी वित्तीय परिणामों में बताया कि तिमाही के दौरान विदेश में एक पुराने कर मामले में उसने 5,733 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इसी मामले में वह पहली तीन तिमाहियों में 703 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी है।
एचसीएल टेकनोलॉजीज के साथ दूसरी आईटी कंपनियों और बैंकों में बिकवाली से सेंसेक्स 756.84 अंक (0.95 प्रतिशत) गिरकर 78,516.49 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का (एनएसई) निफ्टी-50 सूचकांक भी 198.50 अंक यानी 0.81 प्रतिशत टूटकर 24,378.10 अंक पर आ गया।
दिग्गज कंपनियों के विपरीत वृहत बाजार में लिवाली का जोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट रही जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.13 फीसदी ऊपर बंद हुआ।
आईटी सेक्टर का सूचकांक चार प्रतिशत के करीब लुढ़क गया। बैंकिंग, ऑटो, वित्त और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक भी टूट गये। एफएमसीजी, मीडिया, धातु, रियलटी, तेल एवं गैस और रसायन समूहों में तेजी रही।
एनएसई में आज 3,396 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,923 के शेयर ऊपर और 1,355 के गिरावट में बंद हुए। अन्य 118 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियों के शेयर नीचे रहे। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में सबसे अधिक 10.85 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। इंफोसिस का शेयर 3.40 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.99, टीसीएस का 2.80 और टेक महिंद्रा का 2.50 प्रतिशत टूट गया।
आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.50 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का 1.45, भारती एयरटेल का 1.35, एलएंडटी का 1.34, आईटीसी का 1.20, इंडिगो का 1.15 और कोटक महिंद्रा बैंक का 1.10 प्रतिशत फिसल गया। मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक, बीईएल, टाइटन, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी लाल निशान में रहे।
हिंदुस्तान यूनीलिवर में सबसे अधिक 2.75 प्रतिशत की तेजी रही। एनटीपीसी का शेयर 2.39 प्रतिशत, इटरनल का 1.39 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.35 प्रतिशत मजबूत हुआ। ट्रेंट, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील के शेयर भी बढ़त में बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.52 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.40 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। हांगकांग का हैंग सेंग 1.22 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.16 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.09 प्रतिशत नीचे था।
