
इंदौर।शहर के मध्य स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल (एमटीएच) में मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मरीज से मिलने पहुंचे परिजनों के साथ अस्पताल के गार्ड और हाउसकीपिंग स्टाफ ने कथित रूप से मारपीट की। परिजनों ने आरोप लगाया कि मामूली कहासुनी के बाद स्टाफ ने महिलाओं से अभद्रता की और पूरे परिवार को मारपीट कर अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद उस समय बढ़ा जब एक मरीज से मिलने आए परिजनों को अस्पताल में प्रवेश को लेकर रोका गया। इसी दौरान गार्ड और हाउसकीपिंग कर्मचारियों से बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और लात-घूंसे चलाकर उन्हें जबरन बाहर निकाल दिया गया।
वीडियो बनाने वालों से भी मारपीट
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों का आरोप है कि गार्ड और स्टाफ ने उन्हें भी पीट डाला। करीब आधे घंटे तक यह सब चलता रहा, लेकिन किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव नहीं किया।
वसूली और बदसलूकी के गंभीर आरोप
परिजनों का यह भी कहना है कि अस्पताल में मरीजों से मिलने के लिए प्रवेश के नाम पर वसूली की जाती है। जब कोई इसका विरोध करता है तो गार्ड और स्टाफ मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी क्या पूरे मामले में उनकी मौन सहमति को दर्शाती है?
शिकायत पहुंचेगी सरकार तक
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सामने आ चुका है। परिजनों ने कहा है कि वे इसकी शिकायत स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को मामले में तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
