
इंदौर। शहर के बंगाली चौराहा स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स में बुधवार अल सुबह हुई भीषण आग की घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष पुलिस महानिदेशक आदर्श कटियार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर पहलू की विस्तृत जांच की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने बताया कि घटना की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के लिए आईआईटी के विशेषज्ञों सहित अन्य तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। साथ ही फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के दौरान इस तरह की घटनाओं की संभावना को देखते हुए विशेषज्ञों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें इस विषय पर गहन चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।
प्रशासन इस पूरी घटना के आधार पर एक विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करेगा, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
