भोपाल। बड़े तालाब के केचमेंट एरिया में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सोमवार से शुरू हो गई. जिसके तहत टीटी नगर तहसील वृत्त में आने वाले भदभदा क्षेत्र में निर्मित अवैध दुकानों को हटाया गया. यह सभी दुकान और मकान बड़े तालाब के केचमेंट मे शासकीय भूमि पर निर्माण किया गया था. निगम अमले ने जिला प्रशासन की कार्यवाही में सहयोग देते हुए भदभदा चौराहे से सैर सपाटा तक 11 दुकानों को जेसीबी चलाकर तोड़ा . उसके बाद एसडीएम ने पर्यटन निगम के सैर-सपाटा में संचालित झूलों को हटवाने के निर्देश दिए, इस पर पर्यटन निगम के कर्मचारियों ने एसडीएम को बताया कि होटल का संचालन 2018 से बंद है, जबकि झूलों का संचालन कोरोना काल के बाद बंद कर दिया गया है। वर्तमान में यहां लोग केवल घूमने के लिए पहुंचते हैं. साथ ही तालाब के किनारे न तो कोई चाय-नाश्ते की दुकान संचालित हो रही है और न ही यहां पर 9 साल से रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा है. इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम का अतिक्रमण अमला, झील संरक्षण, एनजीटी, वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे है. इसके अलावा जिला प्रशासन ने प्लेटिनम प्लाजा के सामने स्मार्ट सिटी के प्लाट पर 7 जर्जर मकानों को भी जेसीबी द्वारा तोड़ा.
रेस्टोरेंट और झूला संचालक को जारी होगा नोटिस
एसडीएम अर्चना रावत शर्मा ने बताया कि सैर-सपाटा में संचालित रेस्टोरेंट ग्वालियर निवासी गुप्ता का बताया जा रहा है. जबकि झूले झारखंड निवासी हरप्रीत सिंह सलूजा के हैं. दोनों के कार्यालय का पता लेकर नोटिस जारी किया जाएगा. अधिकारियों ने दोनों से संपर्क कर सामान हटवाने की बात कही है.
दो दिन कार्रवाई स्थगित
मंगलवार से पुलिस बल न होने के कारण कार्रवाई 9 अप्रैल तक स्थगित रहेगी. इसके बाद 10 अप्रैल से गोरागांव और सेवनिया गोंड इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. कार्रवाई के दौरान प्रेमपुरा इलाके में बने एक कमरे में बीमार बुजुर्ग दंपत्ति मिलने पर इस कमरे को तोडऩे की कार्रवाई टाल दी गई. दोनों बुजुर्ग बीमार होने के कारण चल फिर पाने में भी असमर्थ थे.
मस्जिद के नीचे बनीं 10 दुकानें की जमींदोज :
अमला कार्रवाई करने के लिए सुबह 10 बजे ही भदभदा चौराहे के पास प्रेमपुरा पहुंच गया था. सबसे पहले अमले ने वन विहार रोड पर सड$क किनारे बनी 10 दुकानों को तोड़ दिया. यहां आटा चक्की, चाय की दुकान, मदरसा और बेकरी शॉप सहित अन्य दुकानों को जमींदोज किया गया. यह दुकानें परवेज, आसिफ, इफ्तेखार, मोहसिन, फेज, नायमा, अर्शी, इकरा, अजीन और सईद की हैं. बता दें कि प्रशासन द्वारा सभी को पहले ही नोटिस दिया गया था. समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने के चलते इनकी दुकानें तोडऩे की कार्रवाई की गई. इसके बाद टीम ने सैर-सपाटा से लगी हुई, जमीन पर बने अतिक्रमण हटाए. यहां से प्रशासन ने जुलेखा बी और कमलाबाई नामक महिलाओं की झुग्गियों को तोड़ा. दोनों ने पहले ही अपनी झुग्गियां खाली कर ली थीं. जिसके चलते प्रशासन को कार्रवाई करने में परेशानी नहीं हुई. झुग्गी के पास चबूतरे बनाकर धार्मिक स्थल बनाने की तैयारी कर ली गई थी, जबकि पीछे की ओर भारी मात्रा में शराब और बीयर की खाली बोतलें बरामद की गईं. अधिकारियों ने धार्मिक स्थल के चबूतरे तोडऩे के साथ यहां बने पटिए सहित अन्य अवैध निर्माण भी तोड़े.
कैचमेंट पर बने कमरे में मिले बुजुर्ग दंपत्ति
जिला प्रशासन का अतिक्रमण अमला केचमेंट एरिया में बने एक कमरे को तोडऩे पहुंची. कमरे में दो बीमार बुजुर्ग दंपत्ति सोनवती और धन बहादुर मिले. उनकी खेर खबर ली. बुजुर्ग महिला सोनवती जिनके दोनों पांव और दोनों हाथों पर चर्मरोग थीं. साथ ही उनके कमर व घुटने में तकलीफ के कारण वे चल फिर भी नहीं पाती हैं. उनके पति धन बहादुर भोपाल पुलिस में जवान के पद से रिटायर्ड हैं. घर में गंदगी और बदबू होने के कारण एसडीएम ने अमले को बुजुर्ग का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर घर और बिस्तर की साफ सफाई करवाने के निर्देश दिए.
इनका कहना है :
बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया में शासकीय भूमि पर बने 12 अतिक्रमण हटाए गए हैँ. सैर सपाटा का रेस्टोरेंट और झूले भी बंद कराने नोटिस दिए जाएंगे. 10 अप्रैल से अन्य इलाकों में अतिक्रमण हटाए जाएंगे.
अर्चना रावत शर्मा, एसडीएम टीटी नगर
