नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) आसूस ने बुधवार को भारत में अपने नये एआई-संचालित फ्लैगशिप लैपटॉप ‘एक्सपर्टबुक अल्ट्रा’ को लॉन्च करने के साथ ही एक्सपर्टबुक पी-सीरीज पोर्टफोलियो का विस्तार किया। कंपनी ने बताया कि एक्सपर्टबुक अल्ट्रा एक कोपायलट लैपटॉप है, जिसे विशेष रूप से वरिष्ठ कॉर्पोरेट अधिकारियों और व्यवसाय से जुड़े पेशेवरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह लैपटॉप अल्ट्रा-लाइट डिजाइन, उन्नत एआई-आधारित परफॉर्मेंस, उच्च गुणवत्ता वाले डिस्प्ले, बेहतर ऑडियो, लंबी बैटरी लाइफ और एंटरप्राइज़-ग्रेड सुरक्षा जैसे फीचर्स से लैस है। एक्सपर्टबुक अल्ट्रा का वजन लगभग 0.99 किलोग्राम से शुरू होता है और इसे एज़ी31बी मैग्नीशियम-एल्यूमिनियम मिश्र धातु से बनाया गया है, जो आमतौर पर एयरोस्पेस और फॉर्मूला-1 अनुप्रयोगों में इस्तेमाल होती है। इसमें नैनो-सिरेमिक कोटिंग दी गयी है, जिसकी कठोरता 9 एच बतायी गयी है। कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस इंटेल कोर अल्ट्रा सीरीज़-3 प्रोसेसर पर आधारित है, जिसमें शक्तिशाली जीपीयू और उन्नत एनपीयू का संयोजन किया गया है। इससे एआई-आधारित काम तेजी से किये जा सकते हैं। इसके साथ ही कंपनी ने एक्सपर्टबुक पी सीरीज़ में एक्सपर्टबुक पी3 और एक्सपर्टबुक पी5 मॉडल भी पेश किये हैं, जिन्हें छोटे और मध्यम उद्यमों तथा पेशेवरों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह सीरीज़ उच्च प्रदर्शन, सुरक्षा, टिकाऊपन और स्केलेबिलिटी देती है।
इस अवसर पर आसूस के ग्लोबल को-सीईओ सैमसन हू ने कहा कि कंपनी भारत में एआई-आधारित कंप्यूटिंग के नये दौर का नेतृत्व करना चाहती है। एक्सपर्टबुक अल्ट्रा के जरिए से पेशेवरों को बेहतर काम का अनुभव देने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, इंटेल इंडिया के वरिष्ठ निदेशक पीपी सुनिल आचार्य ने कहा कि आसूस के साथ सह-इंजीनियरिंग के जरिए ऐसा लैपटॉप तैयार किया गया है जो उच्च प्रदर्शन, इन-बिल्ट एआई क्षमताओं और ऊर्जा दक्षता का संतुलन प्रदान करता है। कंपनी ने यह भी बताया कि फ्लिपकार्ट के साथ साझेदारी के माध्यम से इन उत्पादों को व्यापक डिजिटल पहुंच और व्यावसायिक इकोसिस्टम के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा। आसूस एक्सपर्टबुक अल्ट्रा की बिक्री 29 अप्रैल से शुरू होगी। आसूस के डिजिटल साझेदार फ्लिपकार्ट ने आसूस एक्सपर्टबुक अल्ट्रा, आसूस एक्सपर्टबुक पी3 और आसूस एक्सपर्टबुक पी1 की बुकिंग शुरू कर दी है। आसूस एक्सपर्टबुक अल्ट्रा की शुरुआती कीमत 2.39 लाख रुपए है, जबकि पी3 की शुरुआती कीमत 78,990 रुपए है। एक्सपर्टबुक पी1 की कीमत 49,990 रुपए से शुरू है।

