गुना: जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं। बीजी रोड पर जहां एक बुजुर्ग की मौत ने घर में आई नई बहू की खुशियों को मातम में बदल दिया, वहीं म्याना क्षेत्र में बैलगाड़ी से हुई भिड़ंत के बाद घायल युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है।पहला हादसा बुधवार सुबह करीब 6 बजे बीजी रोड स्थित नवोदय विद्यालय के पास हुआ। यहाँ 65 वर्षीय बनवारी लाल ग्वाल, जो एक कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड थे, अपनी नाइट ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर खड़े एक पंचर डीजे वाहन से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बनवारी लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि डीजे वाहन रात 2 बजे पंचर होने के बाद चालक उसे बीच सड़क पर ही असुरक्षित छोड़ गया था। सुबह के धुंधलके में बुजुर्ग को वाहन नहीं दिखा और यह हादसा हो गया। सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि मृतक के बेटे की शादी महज दो दिन पहले हुई थी। घर में नई बहू के स्वागत की रस्में चल रही थीं, लेकिन एक लापरवाही ने पूरे परिवार को उम्र भर का गम दे दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर में मंगलवार शाम करीब 7 बजे हुआ। यहाँ चक निवासी जोहर सिंह भिलाला (45 वर्ष) अपने साथी करण भिलाला के साथ गुना से आभूषण छुड़ाकर वापस लौट रहे थे। मोहनपुर चौराहे पर उनकी बाइक की सामने से आ रही एक बैलगाड़ी से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जोहर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करण गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे ने तब तूल पकड़ लिया जब घायल करण भिलाला ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद बैलगाड़ी मालिक और कुछ ग्रामीणों ने सहानुभूति दिखाने के बजाय उसके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में ही करण ऊमरी चौकी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। म्याना पुलिस अब दुर्घटना और मारपीट दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
