
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में शर्मनाक वारदात सामने आई है. एक युवक ने पड़ोसी के घर की खिड़की से झांककर महिला का अश्लील वीडियो बना लिया और उसे व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया. विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी.
मामला ग्राम अंबा मोलिया का है. पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी अभिजीत पिता दिलीप पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. फरियादी ने बताया कि आरोपी ने पहले उनके घर की रेकी की और मौका देखकर रात के समय बेडरूम की खिड़की से चोरी-छिपे झांकते हुए उसकी पत्नी का अश्लील वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो बनाने के बाद आरोपी ने उसे व्हाट्सएप पर लोगों को भेजकर वायरल कर दिया, जिससे पीड़ित परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची. जब इस हरकत का पता चलने पर परिवार ने विरोध किया, तो आरोपी ने उल्टा उन्हें धमकाना शुरू कर दिया. आरोपी ने पीड़ितों को पुलिस में शिकायत न करने के लिए दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी. खुड़ैल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
