इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर स्थित एक गैरेज में सुबह लगी भीषण आग में चार बाइक जलकर राख हो गईं. वहीं देर रात क्लर्क कॉलोनी में एक मकान के बाहर लगे बिजली मीटर में आग लग गई. दोनों ही घटनाओं में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 4:41 बजे निरंजनपुर से आग लगने की सूचना मिली. टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जानकारी के मुताबिक गैरेज किराए की दुकान में संचालित हो रहा था, जिसे लखन पिता शोभाराम चला रहे थे. गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी चार बाइकें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं.
दुकान में पेट्रोल रखा होने से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरे गैरेज को अपनी गिरफ्त में ले लिया. आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. इधर, देर रात क्लर्क कॉलोनी में एक मकान के बाहर लगे बिजली मीटर में आग लग गई. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक लिया. इस घटना में बिजली मीटर पूरी तरह जल गया, जिससे मकान की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. दोनों ही जगह किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई.
