इंदौर: प्रदेश और देश के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज परिसर का बार-बार भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा उनसे जुड़े संगठनों के कार्यक्रमों के लिए उपयोग करने पर संस्थान की निष्पक्षता, गरिमा एवं स्वतंत्र पहचान को गंभीर क्षति पहुँची है.उक्त बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं डेली कॉलेज, इंदौर के संरक्षक दिग्विजय सिंह ने कही है. उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि डेली कॉलेज एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था है, जिसकी 140 वर्षों से अधिक की गौरवशाली परंपरा रही है.
ऐसी संस्था को किसी भी प्रकार के राजनीतिक या वैचारिक कार्यक्रमों का मंच बनाना पूरी तरह अनुचित है. दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि हाल ही में कई अवसरों पर कॉलेज परिसर संस्थान को एक विशेष राजनीतिक विचारधारा के कार्यक्रमों के लिए उपयोग किया जा रहा है. उन्होंने सितंबर 2025, 4 अक्टूबर 2025, 1 फरवरी 2026 तथा 22 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक चिंताजनक पैटर्न का रूप ले चुकी हैं.
उन्होंने कहा कि अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का कोई भी कार्यक्रम डेली कॉलेज परिसर में आयोजित नहीं किया गया था. दिग्विजय ने कॉलेज बोर्ड ऑफ गवर्नर्स से मांग की है कि वे तत्काल स्पष्ट करें कि किन परिस्थितियों में ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति दी गई? क्या स्वीकृतियां प्रदान की गईं, तथा क्या इस संबंध में कोई नीति मौजूद है. साथ ही, उन्होंने यह भी पूछा है कि हाल के वर्षों में ऐसे कितने कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. उन्होंने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स से मांग की है कि तत्काल एक स्पष्ट नीति जारी करें, जिसमें कॉलेज परिसर को किसी भी राजनीतिक या वैचारिक कार्यक्रम उपयोग करने पर प्रतिबंध हो.
