सीवन का जीवन संवारने की मुहिम को मिला विधायक राय का समर्थन

सीहोर। शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर चल रहे प्रयासों को उस समय मजबूती मिली, जब विधायक सुदेश राय ने ‘सीवन पुत्रोंÓ के अभियान को समर्थन देते हुए 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की.

रविवार को हनुमान फाटक मंदिर स्थित सीवन नदी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक राय ने अभियान प्रमुख प्रदीप चावड़ा एवं उनकी टीम को यह सहयोग राशि सौंपी. इस अवसर पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि नदी संरक्षण के इस जनअभियान को आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी राय परिवार द्वारा सीवन नदी के गहरीकरण, सौंदर्यकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की सहायता दी जा चुकी है.

विधायक सुदेश राय ने कहा कि सीवन नदी, जो उद्गम स्थल से लेकर पार्वती नदी संगम तक एक पवित्र धारा के रूप में जानी जाती है, वह समय के साथ नागरिकों और प्रशासन की उदासीनता का शिकार हो गई. उन्होंने ‘सीवन पुत्रोंÓ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान ने शहरवासियों में जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है.

उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक ठोस योजना बनाकर सीवन नदी में मिलने वाले सीवेज को पूरी तरह रोका जाएगा. साथ ही, नदी के प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण के लिए पहले से ही करोड़ों रुपये की योजना स्वीकृत है.

विधायक राय ने घोषणा की कि सीवन नदी को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा. इसके तहत बैगन घाट, हाथी घाट, बजरंग अखाड़ा घाट, मुख्य सीवन घाट, महिला घाट, रामघाट और हनुमान फाटक घाट का विकास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

उन्होंने कहा कि सीवन नदी शहर के लिए प्राणदायिनी है, क्योंकि यह भूमिगत जलस्रोतों—हैंडपंप, ट्यूबवेल, कुएं और बावडिय़ों के माध्यम से नागरिकों को प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध कराती है। इसलिए इसका संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है. विधायक ने बताया कि नदी में फैलने वाली जलकुंभी के स्थायी नष्टीकरण के लिए नगर पालिका के माध्यम से विशेष योजना तैयार की जाएगी. जलकुंभी हटाए जाने के बाद नदी का पानी साफ और स्वच्छ दिखाई देने लगा है, जो अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों की मेहनत का परिणाम है. अभियान प्रमुख प्रदीप चावड़ा ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि सफाई कार्य में लगे मजदूरों के प्रोत्साहन और नदी की तलहटी से गंदगी हटाने में उपयोग की जाएगी. उन्होंने शहर के जन प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और व्यापारियों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की है.

 

Next Post

राजेंद्र नगर फ्लाई ओवर पर 15 मई के बाद शुरू होगा यातायात

Mon Apr 20 , 2026
इंदौर:शहर के एबी रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे राजेंद्र नगर रेलवे ओवर ब्रिज से 15 मई के बाद ही यातायात शुरू हो पाएगा. ब्रिज पर रेती मंडी की तरफ तीसरी भुजा को जोड़ने के लिए कंक्रीट का काम बाकी है. वहीं रेल विभाग द्वारा पटरी वाले हिस्से का […]

You May Like

मनोरंजन