राजेंद्र नगर फ्लाई ओवर पर 15 मई के बाद शुरू होगा यातायात

इंदौर:शहर के एबी रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे राजेंद्र नगर रेलवे ओवर ब्रिज से 15 मई के बाद ही यातायात शुरू हो पाएगा. ब्रिज पर रेती मंडी की तरफ तीसरी भुजा को जोड़ने के लिए कंक्रीट का काम बाकी है. वहीं रेल विभाग द्वारा पटरी वाले हिस्से का काम अब शुरू किया जाएगा. साथ ही एबी रोड वाले हिस्से में भी पुल के नीचे बोगदो और सर्विस रोड का कार्य भी यातायात शुरू होने के बाद होगा.

पीडब्ल्यूडी द्वारा राजेंद्र नगर फ्लाई ओवर ब्रिज पर से यातायात फरवरी तक शुरू होने का दावा किया गया था, लेकिन अब ब्रिज से यातायात मई के दूसरे पखवाड़े में शुरू होने के संभावना है. ब्रिज का एबी रोड वाले सीधे हिस्से का काम पूरा हो चुका है. मगर ब्रिज पर से राऊ और इंदौर आने जाने के लिए अभी एक महीने और इंतजार करना पड़ेगा. ब्रिज से यातायात शुरू होने के बाद पुल के नीचे बचे काम किए जाएंगे, जो अभी यातायात के लिए रोक रखे हैं.

यह बात अलग है कि राजेंद्र नगर रेलवे ओवर ब्रिज की तीसरी भुजा अभी शुरू नहीं होगी, क्योंकि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग द्वारा उक्त हिस्से का निर्माण किया जाता है. उक्त काम रेल विभाग द्वारा अब शुरू किया जाएगा. पीडब्ल्यूडी ने उक्त ब्रिज अप्रैल 2022 में काम शुरू किया था, जिसको तीन साल बीत चुके है. ब्रिज का काम 18 महीने में ही पूरा करने का समय तय था, लेकिन मौके पर नर्मदा, ड्रेनेज लाइन शिफ्टिंग का काम समय पर नहीं होने से ब्रिज निर्माण में देरी हो गई. बारिश के बाद पीडब्ल्यूडी ने ठेकदार एजेंसी पर दबाव बनाकर निर्माण कार्य में गति बढ़ाने का दावा किया गया था, लेकिन ब्रिज का पूरा काम होने में छह माह का समय और लगने की संभावना है. तब तक उक्त फ्लाई ओवर निर्माण के कारण यातायात का ब्लैक स्पॉट बना रहेगा.

29 करोड़ है ब्रिज की लागत
फिलहाल पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे राजेंद्र नगर फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण में करीब ढाई साल ज्यादा लग चुके है और छह महीने ओर लगने संभावना है. देखा जाए तो डेढ़ साल में बनने वाला ब्रिज 4.5 साल में पूरा हो जाए तो भी बड़ी बात होगी. उक्त ब्रिज का ठेका मेसर्स रामप्रकाश गुप्ता कंस्ट्रक्शन को दिया है. 920 मीटर लंबा और फोर लेन चौड़ा है. उक्त ब्रिज की निर्माण लागत 29 करोड़ रुपए है. उक्त की दो भुजा एबी रोड पर और एक भुजा राजेंद्र नगर पर उतरेगी.

बेरिकेटिंग करके ब्रिज शुरू कर पाएंगे
पीडब्ल्यूडी एसडीओ मनोज जैन ने कहा कि अभी राजेंद्र नगर वाली भुजा का कंक्रीट बाकी है. उसके बाद बेरिकेटिंग करके ही ब्रिज शुरू कर पाएंगे. इसकी वजह यह है कि एक बार ब्रिज से यातायात शुरू कर दिया तो फिर ब्रिज से एबी रोड पर वाहनों को रोकना मुश्किल हो जाएगा.

Next Post

​आमला में जल संकट: करोड़ों की जलावर्धन योजना फेल, गंदे कुओं के पानी से बुझ रही प्यास

Mon Apr 20 , 2026
आमला। नगर में ग्रीष्मकाल शुरू होते ही जल संकट गहराता जा रहा है। आमला नगरपालिका द्वारा अब गंदे कुओं से पानी लेकर टैंकरों के माध्यम से सप्लाई की जा रही है, जिससे आम जनता को दूषित पानी पीने की मजबूरी बन गई है।नगर में करोड़ों रुपए की जलावर्धन योजना पूरी […]

You May Like