
भोपाल। विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील के सांगुल गांव में एक किसान की मौत के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना को आत्महत्या नहीं, बल्कि “प्रशासनिक हत्या” करार देते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने आरोप लगाया कि किसान कल्लू जाट को राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत का शिकार होना पड़ा। उन्होंने कहा कि किसान की छह बीघा जमीन को कथित रूप से रिकॉर्ड में घटाकर आधा बीघा कर दिया गया, जिसके चलते वह लंबे समय तक न्याय के लिए भटकता रहा, लेकिन प्रशासन से उसे कोई राहत नहीं मिली।
राहुल राज ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पटवारी के खिलाफ पूर्व में की गई शिकायतों पर राजनीतिक संरक्षण के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उसकी मनमानी बढ़ती गई। उन्होंने कृषि और राजस्व व्यवस्था में खामियों जैसे फसल रिकॉर्ड में गड़बड़ी, भुगतान में देरी और खरीदी प्रक्रियाओं में अव्यवस्था को भी इस घटना के लिए जिम्मेदार बताया।
कांग्रेस ने दोषी अधिकारियों के तत्काल निलंबन, न्यायिक जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
