नयी दिल्ली 22 सितंबर (वार्ता) देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की नयी दरें लागू होने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के आर के पुरम सेक्टर आठ की मार्केट में पहुंचे और व्यापारियों से संवाद किया।
श्री वैष्णव ने व्यापारियों से बातचीत के दौरान जीएसटी में नये सुधार को लेकर सरकार की मंशा और नीयत को उनके सामने रखा। उन्होंने जनता के साथ-साथ व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए इन सुधारों को ऐतिहासिक बताया और कहा कि ये सुधार 140 करोड़ से अधिक भारतीयों को राहत देंगे, खपत बढ़ायेंगे और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले तरह-तरह के अलग-अलग कर होते थे, जिसका अधिभार पड़ता था, लेकिन उसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जीएसटी लेकर आये सारे करों समाप्त कर देश में एक कर प्रणाली लागू की। अब जीएसटी में स्लैब को भी सुधार लेकर आये हैं, जिसमें टैक्स की क़ीमतों को कम किया गया है। अब केवल टैक्स के दो स्लैब है। इसका सीधा सकारात्मक असर व्यापारियों और ग्राहकों पर पड़ेगा।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही आज से हम एक और नये अभियान स्वदेशी अपनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। स्वदेशी वस्तुओं को जहां बढ़ावा देना है, वहीं अब जीएसटी के नये सुधार के लागू होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जीएसटी की दरों में सुधार का बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा, “ आज से बचत महोत्सव शुरू हो रहा है, 95 फ़ीसदी चीजों में बड़ी बचत होगी और इसके लिए प्रधानमंत्री को बहुत धन्यवाद। आज से आप लोग एक और संकल्प लें कि त्योहारों पर अवसर पर स्वदेशी ही अपनायेंगे। ”
