इंदौर. बढ़ती महंगाई के बीच घर का बजट संभालना और भविष्य के लिए बचत करना आम परिवारों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. महंगाई और आमदनी के बीच अंतर बढ़ता जा रहा है. दूध, दालें, खाद्य तेल, सब्जियों सहित रोजमर्रा की अन्य उपभोक्ता वस्तुओं के बढ़ते दामों ने रसोई का बजट तो बिगाड़ा ही है, बच्चों के भविष्य तक असर पड़ रहा है.
राशन एवं गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. महंगाई बढ़ती जा रही, लेकिन लोगों की आमदनी नहीं. घर का बजट संभालने वाली महिलाओं के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हर महीने का खर्च चलाना बन गई है. पहले राशन खरीदने के बाद कुछ रकम बच जाती थी, जिसे वे बच्चों की पढ़ाई जरूरतों या भविष्य के लिए जोड़कर रखती थीं, लेकिन अब आटा, दाल, चावल, खाद्य तेल, घरेलू गैस और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने इस छोटी-सी बचत पर भी रोक लगा दी है. मध्यमवर्गीय परिवारों की स्थिति यह है कि आमदनी में खास बढ़ोतरी नहीं हुई, लेकिन खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में बच्चों की उच्च शिक्षा, बेहतर सुविधाओं और सुरक्षित भविष्य के सपने भी चिंता में बदल रहे हैं. सवाल यह है कि जब परिवार की कमाई का बड़ा हिस्सा रसोई और जरूरी खर्चों में ही चला जाएगा तो भविष्य के लिए बचत कैसे होगी? चुनावों के दौरान महंगाई से राहत और आम आदमी की जिंदगी आसान बनाने के वादे किए जाते हैं, जनता भी उम्मीदों के साथ नई सरकारों से बेहतर दिनों की आस लगाती है, लेकिन चुनाव के बाद बढ़ते दामों के बीच आम परिवार आखिर राहत की उम्मीद किससे करे?
यह बोलीं गृहणी…
सरकार को जरूरी खाद्य वस्तुओं दाल-तेल और घरेलू गैस की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि महिलाओं को रसोई के बजट में राहत मिले.
– उषा नागर
सरकार को केवल गरीब वर्ग ही नहीं, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए भी राहत योजनाएं बनानी चाहिए, उनकी बचत और बच्चों के भविष्य पर भी ध्यान देना जरूरी है.
– करुणा बाई
प्रशासन को बाजार में जरूरी वस्तुओं की कीमतों की नियमित निगरानी करनी चाहिए, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम जनता को उचित दाम पर सामान मिल सके.
– रुपाली मीणा
