सीहोर। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में शुक्रवार को एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया. 45 वर्षीय अशोक जाटव की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने, गलत दवा देने और मरीज की बिगड़ती हालत की समय पर जानकारी नहीं देने के आरोप लगाए. गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर सड़क पर चक्काजाम कर विरोध जताया. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति संभाली. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है. वहीं अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को नकारते हुए मरीज की मौत की वजह पहले से मौजूद गंभीर सांस की बीमारी को बताया है.
जानकारी के अनुसार राजगढ़ जिले के खिलचीपुर निवासी अशोक जाटव टाइल्स लगाने का काम करते थे. उनकी पत्नी सविता बाई जाटव ने बताया कि सांस लेने में परेशानी और खांसी की शिकायत के बाद 13 नवंबर को उन्हें वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. परिवार के सदस्य पिछले सात दिनों से लगातार अस्पताल में मौजूद रहकर उनकी देखभाल कर रहे थे. परिजनों का कहना है कि गुरुवार शाम तक अशोक ने ठीक से खाना खाया था और उन्हें स्थिति सामान्य लग रही थी, लेकिन शुक्रवार सुबह अस्पताल की ओर से उनकी मौत की सूचना दी गई. अचानक मिली इस खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजन अस्पताल प्रबंधन पर भड़क उठे.
मरीज की मौत के बाद अस्पताल के बाहर हुए हंगामे ने उपचार व्यवस्था और मरीजों के परिजनों को दी जाने वाली जानकारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ओर परिजन गलत दवा और इलाज में लापरवाही को मौत की वजह बता रहे हैं, वहीं अस्पताल प्रबंधन गंभीर बीमारी के चलते अटैक आने की बात कह रहा है. फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच मौत के वास्तविक कारणों और उपचार में लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच का विषय है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
गलत गोली देने के बाद चेहरे पर सूजन आने का आरोप
मृतक के जीजा बृजमोहन सहित अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि गुरुवार शाम खाना-पीना होने के बाद अशोक से मिलने नहीं दिया गया और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया. इसी दौरान मरीज को एक गोली दी गई, जिसके बाद उनके पूरे चेहरे पर सूजन आ गई. परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर आरोप लगाया कि कर्मचारियों को ठीक से ड्रिप लगाना तक नहीं आता था और मरीज को मनमाने तरीके से दवाइयां दी जा रही थीं. बृजमोहन के अलावा नवीन जाटव, जितेंद्र, पवन जाटव, वैजयंती जाटव और बबली बाई ने भी उपचार को लेकर नाराजगी जताई. उनका सवाल था कि यदि मरीज की हालत गंभीर थी तो परिवार को समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई. जरूरत पडऩे पर उन्हें किसी बड़े अस्पताल में ले जाने का विकल्प भी दिया जाना चाहिए था.
अस्पताल से फोन आने के इंतजार में रहे परिजन
परिजनों के मुताबिक, वे गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल से घर गए थे. अस्पताल की ओर से शाम करीब 4 बजे फोन लगाने की बात कही गई, लेकिन परिजनों का कहना है कि उन्हें निर्धारित समय पर कोई कॉल नहीं आया. करीब 5 बजे फोन आने के बाद वे चाय-पानी लेकर अस्पताल पहुंचे. उनका आरोप है कि मरीज से मिलने और उसकी देखभाल को लेकर भी अस्पताल स्टाफ का रवैया सहयोगात्मक नहीं था. परिजनों ने यह भी कहा कि यदि मरीज की स्थिति बिगड़ रही थी या उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की जरूरत थी तो इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी, ताकि वे समय रहते आगे के उपचार की व्यवस्था कर पाते. शुक्रवार सुबह मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा. अस्पताल के बाहर भीड़ जमा हो गई और विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्होंने चक्काजाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर बमुश्किल स्थिति को नियंत्रित किया.
अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोप नकारे
दूसरी ओर अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र मजूमदार ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को नकारते हुए बताया कि अशोक जाटव को 13 नवंबर को सांस की गंभीर बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी स्थिति को देखते हुए आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखकर उपचार किया जा रहा था. डॉक्टर के अनुसार सांस की गंभीर बीमारी का असर हृदय पर भी पड़ता है और ऐसे मरीजों में हार्ट अटैक की आशंका बनी रहती है. गुरुवार रात मरीज बाथरूम जाने के दौरान अचानक सांस फूलने की समस्या से घिर गए और उन्हें अटैक आ गया. उन्होंने दावा किया कि मरीज की गंभीर स्थिति के संबंध में परिजनों को पहले ही जानकारी दे दी गई थी. आयुष्मान कार्ड से उनका उपचार किया जा रहा था और परिजनों से इलाज के लिए कोई राशि नहीं ली गई.
