
भोपाल। बजरिया थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के प्रेमी ने उसकी मासूम बेटी को अगवा कर लिया. बजरिया थाना पुलिस ने यूपी के उरई जीआरपी की मदद से आरोपी को पकड़ा और बच्ची को उसकी मां के हवाले किया. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में भी जुट गई है.
जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई. महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और उसकी एक 6 साल की बेटी भी है. पिछले डेढ़ साल से महिला शंकर राजपूत नामक व्यक्ति के साथ लिव इन में रह रही थी. शंकर ने मंगलवार को मासूम बच्ची को अगवा कर ट्रेन में अपने साथ ले गया. शंकर मूलतः सीतापुर उप्र के रहने वाला है. महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी शंकर की लोकेशन ट्रेस की. इस दौरान पुलिस ने यूपी के उरई पहुंची ट्रेन में आरोपी के मौजूद होने पर जीआरपी को सूचना दी. मौके पर पहुंची जीआरपी ने आरोपी को बच्ची के पकड़ा. बजरिया थाना पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ कर रही है.
