जयपुर, (वार्ता) राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) ने अनुशासनहीनता के आरोप में जिला क्रिकेट संघ बीकानेर (डीसीए) को राजस्थान क्रिकेट संघ से असम्बद्ध घोषित कर दिया है।
आरसीए के संयोजक जयदीप बिहाणी ने शुक्रवार को बताया कि डीसीए, बीकानेर के खिलाफ चुनाव और वित्तीय अनियमितता की शिकायतें थीं। इस मामले में आरसीए ने राजस्थान क्रीड़ा अधिनियम के तहत डीसीए, बीकानेर से जानकारी मांगी गयी थी, लेकिन डीसीए बीकानेर ने इस पर किसी तरह का जवाब नहीं दिया।
उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में डीसीए बीकानेर को कई पत्र भेजे गये, लेकिन उसने असहयोगात्मक रवैया अपनाते हुये किसी पत्र का जवाब नहीं दिया। साथ ही डीसीए ने आरसीए की तदर्थ समिति की शक्तियों को मानने से ही इन्कार कर दिया, जबकि तदर्थ समिति को राजस्थान क्रीड़ा अधिनियम के तहत किसी भी प्रकार की जांच के लिये शक्तियां प्राप्त हैं।
श्री बिहाणी ने बताया कि गत 10 मई को डीसीए बीकानेर को पत्र भेजकर सात दिन में जवाब देने को कहा गया, जिसकी अनदेखी करने पर 19 और 27 मई को फिर पत्र भेजकर चेतावनी दी गयी। अट्ठाइस मई तक जवाब नहीं मिला, तो 29 मई को डीसीए बीकानेर को आरसीए से असम्बद्ध करने का निर्णय किया गया और इस सम्बन्ध में डीसीए बीकानेर के रतनसिंह शेखावत को पत्र प्रेषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि डीसीए, बीकानेर को आरसीए से असम्बद्ध करके इस मामले को लोकपाल, राजस्थान क्रिकेट संघ को प्रेषित किया गया है।
