बिना परमिशन के संचालित होटल-गार्डन को नपा ने जारी किए नोटिस

शाजापुर। शाजापुर शहर में लगभग एक दर्जन से अधिक होटल और गार्डन बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं. दिल्ली की होटल में आग लगने की घटना के बाद शाजापुर शहर के होटलों की जानकारी जब नवभारत ने ली, तो चौंकाने वाली यह निकली कि शहर के किसी भी होटल के पास होटल संचालन का न लाइसेंस है और न ही फायर एनओसी है. ऐसे में कोई घटना, दुर्घटना हो जाए, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार. नवभारत की खबर के बाद नगरपालिका ने शहर के सभी होटल, गार्डन संचालकों को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है.

गौरतलब है कि शाजापुर शहर में अधिकांश होटल और गार्डन बिना ट्रेड लाइसेंस और फायर एनओसी के संचालित हो रहे हैं. कई होटलों में तो आकस्मिक निकास द्वारा तक की व्यवस्था नहीं है. इस मामले को नवभारत ने प्रमुखता से उठाया था, जिस पर शाजापुर नगर पालिका ने पत्र क्रमांक 1638 के द्वारा शहर के होटल एवं गार्डन से भवन निर्माण अनुमति, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और 26-27 के सम्पत्तिकर की रसीद मांगी गई है. सात दिन के अंदर यदि संबंधित दस्तावेज नगरीय निकाय में प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो मप्र नगर पालिका अधिनियम 1961 एवं अन्य प्रचलित नियमों के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी.

 

किसी भी होटल-गार्डन के पास नहीं है वैधानिक अनुमति

व्यवसायिक अनुमति लेकर लक्जरी होटल चलाने वाले शहर के किसी भी होटल संचालक के पास न तो ट्रेड लाइसेंस है और न ही फायर एनओसी है. यही हाल मैरिज गार्डन का है. मैरिज गार्डन में फायर एनओसी न होना किसी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है, क्योंकि यहां एलपीजी का उपयोग शादी-ब्याह एवं अन्य आयोजनों में किया जाता है. यदि किसी भी गार्डन में दुर्घटना हो गई, तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता है.

 

इनका कहना है

शहर के सभी होटल, मैरिज गार्डन संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं. सात दिन के अंदर यदि समस्त दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी.

– भूपेंद्र कुमार दीक्षित, सीएमओ-शाजापुर

Next Post

सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएं कांग्रेस की विचारधारा : ज्ञान सिंह

Fri Jun 5 , 2026
सीधी ।मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग द्वारा संचालित प्रतिभा एक खोज – सोशल मीडिया वॉरियर अभियान के अंतर्गत आज जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस आईटी सेल […]

You May Like