
सीधी ।मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग द्वारा संचालित प्रतिभा एक खोज – सोशल मीडिया वॉरियर अभियान के अंतर्गत आज जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांग्रेस आईटी सेल एवं सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, डिजिटल जिम्मेदारियों तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, जनहित के मुद्दों एवं पार्टी की नीतियों को सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक, प्रभावी और व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा को डिजिटल मंच उपलब्ध कराने तथा उन्हें संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
