
शाजापुर। दस दिवसीय गणेश उत्सव का समापन आज अनंत चतुर्दशी पर हर्षोल्लास के साथ होगा. भक्त विधि-विधान से घर-घर विराजित गौरीपुत्र गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन पवित्र नदियों व तालाबों में करेंगे, वहीं कई लोग मिट्टी की प्रतिमाओं का घर में ही विसर्जन करेंगे. विदाई के समय भक्त नम आंखों से गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों संग मंगलकामनाएं करेंगे.
प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी नगर आस्था के रंग में रंगा रहा. प्रभारी कलेक्टर तन्वी हुड्डा एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने जादमी लखुन्दर पुलिया, अकोदिया, शुजालपुर सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए. सभी घाटों पर रोशनी, बैरिकेटिंग, तैराकों और पुलिस बल की तैनाती की गई है.
गणेश विसर्जन का सिलसिला सुबह से शुभ मुहूर्त में प्रारंभ हो जाएगा. भक्त ट्रैक्टर, जीप व दोपहिया वाहनों से गणपति प्रतिमाओं को लेकर निकलेंगे. दोपहर बाद सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों के पांडालों से प्रतिमाओं की विदाई के साथ शहरभर में चल समारोह देर रात तक जारी रहेंगे.
