प्रभु यीशु के यरुशलम प्रवेश की स्मृति में मनाया पाम संडे, खजूर की डालियां थामे उमड़ा जनसैलाब

इटारसी। शहर के मसीह समाज ने प्रभु यीशु मसीह के यरुशलम में विजय प्रवेश की स्मृति में खजूर रविवार (पाम संडे) का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास और भक्तिभाव से मनाया। पास्टर्स फैलोशिप एवं क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में शहर के विभिन्न चर्चों के हजारों सदस्यों ने सहभागिता की।

भक्ति और उत्साह का संगम

रैली का शुभारंभ फ्रेन्ड्स स्कूल मैदान से हुआ। हाथों में खजूर की डालियां लिए बच्चे, महिलाएं और पुरुष होशन्ना के नारे लगाते और मसीही गीत गाते हुए शहर के मुख्य मार्गों पर निकले। यह जुलूस स्टेट बैंक चौराहा, मुख्य बाजार क्षेत्र, सराफा लाइन और जयस्तंभ चौक होते हुए पुन: फ्रेन्ड्स स्कूल मैदान पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।

नगर और राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना

रैली के दौरान भक्तिमय माहौल उस समय और गहराया जब चर्च के पास्टर्स ने स्टेट बैंक चौराहा और जयस्तंभ चौक पर विशेष प्रार्थना सभाएं कीं। इस दौरान देश में शांति, उन्नति, इटारसी नगर वासियों के कल्याण और समस्त प्रशासनिक अधिकारियों की कुशलता के लिए सामूहिक दुआ मांगी गई।

बाइबल का संदेश और ऐतिहासिक महत्व

मान्यता के अनुसार, हजारों वर्ष पूर्व की गई भविष्यवाणी के अनुरूप प्रभु यीशु ने जब यरुशलम में प्रवेश किया था, तब वहां के लोगों ने एक राजा के रूप में खजूर की डालियां हाथ में लेकर उनका भव्य स्वागत किया था। इसी परंपरा को जीवंत करते हुए मसीह समाज हर वर्ष ईस्टर से ठीक पहले वाले रविवार को यह पर्व मनाता है।

इन चर्चों की रही उपस्थिति

इस वर्ष फ्रेन्ड्स चर्च खेड़ा की मेजबानी में आयोजित इस आयोजन में इटारसी और आसपास के क्षेत्रों के प्रमुख चर्च फ्रेन्ड्स चर्च इटारसी, खेड़ा, मकोडिय़ा, ईसीआई चर्च इटारसी, खेड़ा, असेम्बली ऑफ क्राइस्ट चर्च, रोमन कैथोलिक चर्च, इवेंजिलिकल लूथरन चर्च इटारसी, जमानी, बेथेल पेंटिकोस्टल और दी पेंटिकोस्टल मिशन चर्च, सेंट जॉन्स ऑर्थोडॉक्स चर्च रैसलपुर के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Next Post

काहिरी बंधान से अवैध सिंचाई पर नपा का छापा, शाजापुर के किसानों की मोटरें जब्त

Mon Mar 30 , 2026
सीहोर। मानसून में कम बारिश होने के कारण शहर की प्यास बुझाने का दारोमदार निभाने वाले भगवानपुरा तालाब, जमोनिया तालाब और पार्वती नदी पर बने काहिरी बंधान के पानी को जिला प्रशासन द्वारा भले ही शहर की प्यास बुझाने के लिए आरक्षित कर दिया है. इसके बाद भी पानी की […]

You May Like