इंदौर: शहर में दूषित पानी पीने से रहवासियों के बीमार होने का मामला फिर सामने आया है. इस बार वार्ड 16 में दूषित पानी पीने से रहवासी बीमार हुए हैं. करीब 10 से ज्यादा लोगो के विभिन्न तरह की बीमारियों से पीड़ित होने की जानकारी मिली है.शहर में नगर निगम लाख दावे करे कि शहर में पानी की समस्या नहीं है और शुद्ध पानी दिया जा रहा है. मॉनीटरिंग की जा रही है, लेकिन वास्तविकता में सब फोरी कहानी ज्यादा नजर आती है. कुछ महीने पहले भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने की वजह से 35 लोगों की मौत हो गई थी. अब दूषित पानी का मामला नगर निगम के वार्ड 16 की महावीर नगर कालोनी में भी सामने आया है.
उक्त कॉलोनी में एकमात्र बोरिंग से पानी की सप्लाई की जाती है. बोरिंग में सीवरेज का पानी मिलने की वजह से क्षेत्र के कई लोग बीमार हो गए. रहवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत दर्ज होने के बाद भी नगर निगम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई. रहवासियों के बीमार होने का मामला सामने आने के बाद नगर निगम की टीम क्षेत्र में पहुंची. बोरिंग पानी की जांच में खुलासा हुआ कि ड्रेनेज का पानी मिक्स होकर सप्लाई की जा रही है. बोरिंग में ड्रेनेज लाइन से मिक्स हो रहे दूषित पानी लाइन को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है.
रहवासियों को बीमारी होने लगी
वार्ड 16 के महावीर नगर (अहिल्या नगर) में पिछले आठ दिनों में रहवासियों को उल्टी दस्त, बुखार, चक्कर आना, पेट दर्द, उल्टियां होने जैसी बीमारी होने लगी. यह धीरे धीरे कॉलोनी के कई घरों में फैल गई. इससे लोगों को अहसास हुआ कि पानी में गड़बड़ है, लेकिन पार्षद सोनाली मुकेश धारकर और निगम अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया. नतीजा यह आया कि कई घरों में लोग बीमार हो गए.
बोरिंग बंद कर दिया, अब क्षेत्र में टैंकरों से सप्लाई की जा रहीः पाठक
नगर निगम अपर आयुक्त आशीष पाठक ने बताया कि पंचायत का बोरिंग है और 2014 में ड्रेनेज लाइन डाली गई थी. ड्रेनेज चौक होने से बोरिंग में दूषित पानी उतर गया. बोरिंग फिलहाल बंद कर दिया है. निगम द्वारा 2 टैंकरों से महावीर नगर में पानी दिया जा रहा है. अभी आयुक्त और हम सभी अधिकारी मौके का दौरा करके आए हैं. बीमार लोगों की जानकारी भी ले रहे हैं. जरूरत पड़ी तो उनके इलाज के व्यवस्था भी की जाएगी. निगम के टीम मौके पर तैनात है.
पार्षद कहती महावीर नगर को पानी नहीं दूंगीः पार्वती
रहवासी पार्वती चौहान ने पार्षद सोनाली धारकर से भी शिकायत की, लेकिन पार्षद ने शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया. पार्वती चौहान ने कहा कि पार्षद कहती हैं मैं सब जगह पानी दूंगी, लेकिन महावीर नगर में पानी नहीं दूंगी. रहवासियों ने पूछा कि क्यों नहीं दोगे, तो सिर्फ इतना कहा कि नहीं मिलेगा इस कॉलोनी को पानी.
पार्षद आती नहींः ज्योति
रहवासी ज्योति ने बताया कि गंदा पानी आ रहा था, तो हमने देखा ड्रेनेज के चेंबर का पानी मिल रहा है. हमने नगर निगम और पार्षद को खबर की. अधिकारी आए, लेकिन पार्षद नहीं आई और न कभी इधर आती हैं. हमारी कॉलोनी में तीन चार कॉलोनी के लोग पानी भरने आते है, क्योंकि सबके बोरिंग सूख गए. कॉलोनी में कई बच्चे और लोग बीमार हो गए. कुछ अस्पताल में भर्ती हैं. कुछ घर पर इलाज ले रहे हैं
