
मंदसौर/नाहरगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जन अभियान परिषद से चयनित नवांकुर संस्था प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत ग्राम मेनपुरिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक तृप्ति बैरागी, संस्था के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में सीड बॉल (बीज गेंद) तैयार की गईं। इन सीड बॉल्स में गुलमोहर, बेलपत्र, करंज, जामुन, नीम, इमली एवं शीशम जैसे छायादार एवं पर्यावरण हितैषी वृक्षों के बीजों का उपयोग किया गया। आगामी वर्षा ऋतु में इन सीड बॉल्स को विभिन्न क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पौधे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
इसी क्रम में नाग देवता की बावड़ी के समीप भी वृक्षारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में प्रेमकला शर्मा, श्रीमती नारायणी, श्रीमती पोरवाल, सुधीर शर्मा, श्री जोशी जी एवं गुरु कृपा विहार के समस्त नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तृप्ति बैरागी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुनील जैन महाबली, जिला मंत्री पुलकित पटवा, जिला आईटी संयोजक दिनेश सोलंकी, मंडल अध्यक्ष नेपाल सिंह सिसोदिया, मंडल महामंत्री शिव गुर्जर, मेनपुरिया सरपंच प्रतिनिधि ओंकार माली, ब्लॉक समन्वयक अर्चना भट्ट, जन अभियान परिषद से अर्चना रामावत, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि दिनेश सोलंकी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति से दुर्गाशंकर धनगर, डॉ. राजमल भाटी, प्रहलाद राठौर, हीरालाल माली, कोमल माली सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता का यह प्रयास क्षेत्र में हरित वातावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
