
सिंगरौली । शासन की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत चरगोड़ा में किया गया।
शिविर का शुभारंभ सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं कलेक्टर गौरव बैनल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। शिविर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी परेशानी के शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करें। वहीं कलेक्टर गौरव बैनल ने शिविर के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से प्रशासनिक गतिशीलता एवं मानीटरिंग को बढ़ावा मिलेगा तथा सुशासन की दिशा में प्रभावी परिणाम प्राप्त होंगे। जनसंवाद के माध्यम से आम जनता की कठिनाइयों को समझकर उनका समाधान किया जा रहा है। शिविर के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
