
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उज्जैन प्रवास इस बार का सबसे अलग रहा, धार्मिक सामाजिक सांस्कृतिक और सरकारी से लेकर पारिवारिक कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पहुंचे और अपने दायित्वों निर्वहन करते हुए सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्य विकास कार्यों का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन पर्व उज्जैन में अपने परिवार के साथ मनाया। शुक्रवार को उनके निज निवास पर बहनों से राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाई नंदलाल यादव, नारायण यादव, बहनें शांति यादव, कलावती यादव, पत्नी सीमा यादव, पुत्र-पुत्री सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने रात्रि मे ही सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत ढाबा रोड चौराहे से गोपाल मंदिर होते हुए छत्री चौक तक चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने उन्हें निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
काल भैरव मंदिर पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर विक्रांत भैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन और आरती की। मंदिर के पुजारी की पुत्री ईशानवी ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इसके बाद उन्होंने काल भैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और मंदिर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही मुख्यमंत्री ने गीता कॉलोनी पहुंचकर दिवंगत प्यार चंद यादव के निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की।
सीएम ने किया वाल्मीकि धाम में दर्शन-पूजन
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वाल्मीकि धाम सिद्धपीठ पहुंचकर 1008 स्वामी सोहनदास की समाधि और प्रतिमा पर दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने यहां पहुंचे जाहरवीर गोगादेव के निशान ध्वज का भी पूजन किया। मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेशनाथ महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, मुकेश यादव, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
