
इंदौर। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की 77 शिकायतें सामने आईं, जिन पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने स्वयं आवेदकों से संवाद कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए.
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई. इस दौरान पुलिस आयुक्त ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और सभी 77 शिकायत आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए. जनसुनवाई में पारिवारिक एवं घरेलू विवाद, आपसी झगड़े, पैसों के लेनदेन, फाइनेंशियल फ्रॉड, प्लाट व जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित अन्य पुलिस संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. पुलिस आयुक्त ने महिलाओं और बुजुर्गों से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल कराने का भरोसा दिलाया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए तय समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) अमित सिंह सहित सभी जोन के अधिकारी भी मौजूद रहे और आवेदनों पर मौके पर ही कार्रवाई की गई.
