
बैरसिया। जनपद पंचायत बैरसिया की ग्राम पंचायत अर्रावती में सोमवार को सरपंच पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निर्विवाद संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारी पीसीओ कमलेश शर्मा, नसीम खान और सचिव राजपाल सिंह सोलंकी की उपस्थिति में आयोजित पंचों के सम्मेलन में वार्ड क्रमांक 11 के पंच लेखराम अहिरवार को निर्विरोध सरपंच चुना गया।
पंचायत भवन में हुई इस प्रक्रिया के दौरान कुल 14 पंचों में से 11 उपस्थित रहे, जिन्होंने सर्वसम्मति से लेखराम के नाम पर मुहर लगाई। बता दें कि यह सीट अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित है। पूर्व सरपंच गंगाराम अहिरवार को गंभीर आरोपों के चलते पद से हटाए जाने के बाद, अस्थायी रूप से उपसरपंच सविता बाई चौहान को अधिकार सौंपे गए थे। हालांकि, पंचों ने जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर आरक्षित कोटे से ही सरपंच बनाने की मांग की थी, जिसके बाद यह चुनाव संपन्न कराया गया। जनपद सीईओ देवेश सराठे ने निर्विरोध निर्वाचन की पुष्टि की है।
