
छिंदवाड़ा। भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आज शासकीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. इस आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र – छात्राएं और आमजन उपस्थित थे. समारोह का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिसके बाद माता शबरी इंग्लिश मीडियम कन्या आश्रम छिंदवाड़ा की नन्हीं बालिकाओं माधुरी और दिव्यानी ने हम भीमराव के बच्चे हैं, उनको समझा देना…. गाने पर आकर्षक एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जो सबके आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद विवेक बंटी साहू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की शुभकामनाएं दीं और उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं संविधान निर्माण के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम बचपन से डॉ.अंबेडकर के बारे में पढ़ते आ रहे हैं, लेकिन आज भी उनके बारे में पढऩे, सुनने और जानने में एक नई ऊर्जा और शक्ति का संचार होता है। उनका बचपन कठिनाइयों में बीता, फिर भी उन्होंने समाज के हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए संविधान निर्माण की आधारशिला रखी। सबको सम्मान पाने का अवसर दिया। देश के लोकतंत्र को पूरी दुनिया के सबसे ताकतवर लोकतन्त्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने सभी से डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। विशेष अतिथि पूर्व राज्यपाल सुश्री उईके ने अपने उद्बोधन में डॉ. अंबेडकर के विचारों, उनके संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान के विशिष्ट अनुभव भी साझा किए। महापौर श्री अहके ने भी डॉ अम्बेडकर के विचारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को पात्रता के अनुरूप हितलाभों का वितरण भी किया गया।
