नोएडा, 13 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के नोएडा में जारी श्रमिक आंदोलन को लेकर प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा लगातार उच्चस्तरीय निगरानी की जा रही है।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
पुलिस ने सोमवार को जारी आदेश की विज्ञप्ति साझा करते हुए यह जानकारी दी। विज्ञप्ति में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार नोएडा पुलिस और प्रशासन श्रमिकों, कंपनी प्रबंधन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संवाद और समन्वय बनाए हुए हैं, ताकि पूरे मामले का शांतिपूर्ण और न्यायसंगत समाधान निकाला जा सके। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी भी स्थिति को बातचीत और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाया जाए, न कि बल प्रयोग से।
आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में यातायात सुचारु रखने के लिए मार्ग परिवर्तन लागू किए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से इन क्षेत्रों की ओर न जाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोएडा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। स्थानीय पुलिस बल, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। नोएडा के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों में भी स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर भ्रामक और उत्तेजक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब तक दो एक्स हैंडल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा पचास से अधिक संदिग्ध बॉट हैंडल चिन्हित किए गए हैं, जो पिछले चौबीस घंटों में बनाए गए और संगठित तरीके से अफवाह फैलाने का प्रयास कर रहे थे। इन सभी की डिजिटल ट्रेल की जांच उत्तर प्रदेश एसटीएफ द्वारा की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी, वीडियो या संदेश पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें।
वरिष्ठ स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और श्रमिकों के साथ संवाद के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
आज शाम सात बजे पुलिस मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी थानाध्यक्षों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने निर्देश दिए कि श्रमिकों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए और हर स्थिति में संयम बनाए रखा जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अराजकता फैलाने, आगजनी, तोड़फोड़ या अफवाह फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति भी वसूली जाएगी।
पुलिस महानिदेशक ने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस शांति, सुरक्षा और जनसुविधा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी पक्षों के साथ संवाद के जरिए जल्द समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं।
