लखनऊ, 13 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन को लेकर कहा है कि प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा हालात पर लगातार उच्चस्तरीय निगरानी रखी जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
डीजीपी ने कहा कि वह स्वयं तथा अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नोएडा पुलिस और प्रशासन श्रमिकों, प्रबंधन पक्ष तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार वार्ता और समन्वय कर रहे हैं, ताकि मामले का शांतिपूर्ण और न्यायसंगत समाधान निकाला जा सके।
उन्होने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों की ओर न जाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य किसी भी पक्ष पर बल प्रयोग करना नहीं, बल्कि संवाद, मध्यस्थता और शांतिपूर्ण समाधान को आगे बढ़ाना है। नोएडा पुलिस कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सेतु की भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि नोएडा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स, राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों सहित पर्याप्त बल तैनात किया गया है। पड़ोसी जनपदों तक भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
श्री कृष्ण ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक दो एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा 50 से अधिक संदिग्ध बॉट हैंडल चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें पिछले 24 घंटों में बनाया गया और जिनके जरिए भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने का प्रयास किया गया। इनकी जांच उत्तर प्रदेश एसटीएफ करेगी।
डीजीपी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना, वीडियो या संदेश पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के साथ सहानुभूतिपूर्ण संवाद जारी रखा जाएगा। साथ ही आगजनी, तोड़फोड़, हिंसा या सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा क्षति की भरपाई संबंधित व्यक्तियों से कराई जाएगी।
राजीव कृष्ण ने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस शांति, सुरक्षा और जनसुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
